Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी के तहत यह अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस दौरान प्रदेश के प्रत्येक गांव में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाएगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए अलग शौचालय बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत 286.85 करोड़ रुपये की लागत से 6,671 बालिका शौचालय, 391.44 करोड़ रुपये से 6,524 मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय तथा 18.22 करोड़ रुपये की लागत से 549 अतिरिक्त मुक्तिधाम बनाए जाएंगे। इसके अलावा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 10,027 बंद बोरवेलों में 52.14 करोड़ रुपये की लागत से रिचार्ज पिट और सैंड फिल्टर संरचनाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से इस वित्तीय वर्ष में मनरेगा के साथ मिलाकर प्रदेश को करीब 6,855 करोड़ रुपये मिलेंगे, जो ग्रामीण रोजगार और विकास के लिए अब तक का सबसे बड़ा निवेश होगा। योजना के तहत मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है और सभी विकास कार्य ग्राम सभा की मंजूरी से कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि योजना में 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं, जिनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और जलवायु अनुकूलन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

