Raipur News : राहुल गांधी पर डिप्टी CM विजय शर्मा का हमला, बोले- युवाओं में अराजकता और भ्रम फैलाने की कोशिश न करें

Raipur News : राहुल गांधी पर डिप्टी CM विजय शर्मा का हमला, बोले- युवाओं में अराजकता और भ्रम फैलाने की कोशिश न करें

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। भाजपा की ओर से बस्तर में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त से 15 अगस्त तक बस्तर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत 12 अगस्त की सुबह 9 बजे नारायणपुर से होगी। विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव वाले जिन इलाकों में पहले जाना संभव नहीं था, अब वहां तिरंगा शान से लहराया जाएगा।

डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बस्तर के कई नए क्षेत्रों में तिरंगा फहराया गया है। अब नक्सलवाद के खात्मे के बाद पूरे बस्तर में तिरंगा लहराने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के दौरान वह स्वयं मौजूद रहेंगे। प्रशासन और समाज के लोग भी इसमें शामिल होंगे। इसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि बस्तर के इन इलाकों में अब किसी तरह का खतरा नहीं है।

विजय शर्मा ने बताया कि तिरंगा यात्रा के दौरान चिंगवरम, ट्रेरबोर और ताड़मेटला जैसे इलाकों में भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि चिंगवरम में कभी 31 शव मिले थे, जबकि ट्रेरबोर में कई घर जला दिए गए थे। ताड़मेटला में 71 जवानों की हत्या हुई थी। ऐसे सभी स्थानों पर जाकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

डिप्टी सीएम ने कहा कि वह झीरम भी जाएंगे और वहां भी शहीदों को नमन करेंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि बस्तर में अब नक्सलवाद का अंत हो चुका है। विजय शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नक्सलवाद खत्म होने की बात स्वीकार नहीं कर पा रही है।

युवाओं के प्रदर्शन को लेकर विजय शर्मा ने कहा कि यदि युवा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हैं तो लोकतंत्र में यह उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि युवाओं की मांग पर सरकार संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी के इस्तीफे और सदन में चर्चा की मांग को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा।

विजय शर्मा ने प्रदर्शन के दौरान गोली चलने के कथित दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इस बात में सच्चाई है तो इसे साबित किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे दावों के जरिए देश के युवाओं के बीच अराजकता और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

डिप्टी सीएम ने झारखंड में चल रहे युवा प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी से सवाल किया कि वहां सरकार गठबंधन समर्थित होने के बावजूद वह चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि जब सदन में इस विषय पर चर्चा होगी तो राहुल गांधी और विपक्ष को सदन से गायब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी विपक्ष कई बार सदन से नदारद हो जाता है, लेकिन इस बार चर्चा के दौरान विपक्ष को मौजूद रहकर जवाब देना चाहिए।


Related Articles