Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह इस्तीफा नैतिकता के आधार पर नहीं, बल्कि मजबूरी में दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद केंद्र सरकार ने जनता का विश्वास खो दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सरकार से छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए माफी मांगने की बात कही है।
मीडिया से चर्चा के दौरान दीपक बैज ने कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र शर्मा, संजय बघेल सहित 12 एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि कांग्रेस नेताओं ने केवल सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी। बैज ने आरोप लगाया कि महिला आयोग की अध्यक्ष ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए, लेकिन जब दिल्ली में महिलाओं पर पुलिस लाठीचार्ज कर रही थी, तब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भी दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर आगे भी संघर्ष जारी रखने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि जिस जमीन पर विधायक और अधिकारियों के आवास बनाए जाने हैं, उसी क्षेत्र में विस्थापित लोगों को भी जमीन देकर उनके मकान बनाए जाएं।
बैज ने मांग की कि नकटी गांव में हुई तोड़फोड़ से संबंधित राजस्व ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नकटी गांव के आसपास अधिकारियों और नेताओं की जमीन मौजूद है। इस पूरे मामले के समाधान के लिए कांग्रेस राज्यपाल को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग करेगी।

