Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज को सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कारों को मजबूत करने वाला समाज बताया। इस दौरान उन्होंने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने और नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन महाराज के नाम पर चौक का नामकरण करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक समाज के विभिन्न संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सेन समाज केवल पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक व्यवस्था और संस्कारों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज के कल्याण के लिए केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया था। उस समय सैलून संचालकों को किट सहित अन्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को सुविधाएं देने की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा कि सेन समाज की वर्तमान जरूरतों और मांगों पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर वंचित वर्गों के अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष के प्रतीक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारंपरिक हुनर और प्रतिभा को सम्मान देने के साथ ही प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी।
उन्होंने सेन समाज के प्रतिनिधियों से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सामाजिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सेन समाज हजारों वर्षों से सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है। उन्होंने सेन समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने सेन समाज के प्रशिक्षित युवाओं को किट वितरित किए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास समेत बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

