Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, प्रेरक प्रयासों और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों की उपलब्धियों को देश के सामने रखा जाता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देशवासियों को प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम का इंतजार रहता है। प्रधानमंत्री इसमें ऐसे विषयों और व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हैं, जिनकी जानकारी सामान्य तौर पर लोगों तक नहीं पहुंच पाती। इससे अच्छे कार्य करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ता है और उनके प्रयास लाखों देशवासियों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के दूरस्थ गांवों और छोटे क्षेत्रों में अनेक लोग बिना किसी प्रचार और स्वार्थ के समाज तथा राष्ट्रहित में उल्लेखनीय काम कर रहे हैं। कोई पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहा है, तो कोई स्वच्छता और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से नवाचार कर अपने क्षेत्र में बदलाव ला रहा है। प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से ऐसे सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों को राष्ट्रीय पहचान देते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा पीढ़ी ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री साय ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में लोगों ने उत्साह के साथ इसमें भागीदारी की। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक देशवासियों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान, गौरव और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। ऐसे अभियान राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के साथ नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का एहसास कराते हैं।
मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं को योजना के माध्यम से अपने कारोबार को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में करीब 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं।
स्वच्छता को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बननी चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले, गांव, शहर और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसके जरिए भारत सहित विभिन्न देशों की छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी को समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश की महिमा राजपूत भी इस महत्वपूर्ण मुहिम का हिस्सा बनी हैं। मुख्यमंत्री ने महिमा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई अवसरों पर छत्तीसगढ़ और यहां के उल्लेखनीय प्रयासों का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक से लेकर मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण के संरक्षण तक, छत्तीसगढ़ की विशिष्टताओं और उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर जगह मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के नवाचारों, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक प्रयासों का देशभर में उल्लेख किया जाना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गौरव की बात है। इससे प्रदेश के अच्छे कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ लोगों का उत्साह भी बढ़ता है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा, संतजन, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

