Raipur News: सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ छत्तीसगढ़, मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी भारी भीड़

Raipur News: सावन के पहले सोमवार पर शिवमय हुआ छत्तीसगढ़, मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी भारी भीड़

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। सावन माह के पहले सोमवार पर छत्तीसगढ़ भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। सुबह से ही प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रायपुर के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर, गरियाबंद के भुतेश्वरनाथ महादेव और कवर्धा के विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर सहित प्रदेशभर के शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठे।

राजधानी रायपुर के बूढ़ा तालाब स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के कपाट सुबह 3:30 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं। भक्त अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।

गरियाबंद के प्रसिद्ध भुतेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कांवड़िए लगातार जल अर्पित करने पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। वहीं राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर में भी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

इधर कवर्धा में सावन के पहले सोमवार पर पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर से भगवान भोरमदेव मंदिर तक निकलने वाली ऐतिहासिक पदयात्रा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा इस पदयात्रा में शामिल होकर पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर से जल लेकर करीब 18 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। इसके बाद भोरमदेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।


Related Articles