Raipur News : AHPI Emerging Healthcare Leader Award से सम्मानित हुए अतुल सिंघानिया

Raipur News : AHPI Emerging Healthcare Leader Award से सम्मानित हुए अतुल सिंघानिया

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स ऑफ इंडिया (AHPI) छत्तीसगढ़ चैप्टर के सचिव अतुल सिंघानिया को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में नेतृत्व और व्यावसायिक योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर AHPI Emerging Healthcare Leader Award 2026 से सम्मानित किया गया है। जयपुर में आयोजित AHPI Leadership Summit 2026 के समापन समारोह में राजस्थान शासन के मुख्य सचिव आईएएस वी. श्रीनिवास और नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. विनोद के. पॉल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

AHPI की ओर से दिया जाने वाला यह सम्मान स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उभरते नेतृत्व को प्रोत्साहित करने और स्वास्थ्य व्यवस्था के विकास में योगदान देने वाले पेशेवरों के कार्यों को पहचान देने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। अतुल सिंघानिया पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।

अतुल सिंघानिया ने स्वास्थ्य सेवाओं की वहनीयता और सुलभता, चिकित्सा शिक्षा एवं NEET, स्वास्थ्य बीमा तथा अस्पतालों और बीमा कंपनियों के बीच संबंधों जैसे विषयों पर AHPI के माध्यम से नीति स्तर की चर्चाओं और सुझावों में योगदान दिया है। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक बताया।

उन्होंने AHPI के राष्ट्रीय नेतृत्व और छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि AHPI से जुड़कर उन्हें अस्पताल प्रबंधन की अपनी संस्थागत भूमिका से आगे बढ़कर स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था से जुड़े व्यापक विषयों पर काम करने और अपने विचार साझा करने का अवसर मिला।

अतुल सिंघानिया ने श्री नारायणा हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सुनील खेमका, डॉ. मेघा खेमका और पूरे श्री नारायणा हॉस्पिटल परिवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान ने उनकी व्यावसायिक यात्रा को मजबूत आधार दिया और उन्हें सीखने, आगे बढ़ने तथा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में योगदान देने के अवसर प्रदान किए।

AHPI छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने अतुल सिंघानिया को राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनके योगदान और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना गर्व का विषय है और यह सम्मान उन्हें स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में और व्यापक स्तर पर योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।


Related Articles