Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय वन सेवा (IFS) के 24 अधिकारियों के तबादले किए हैं। राज्य शासन ने अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में रायपुर समेत कई प्रमुख वनमंडलों के वन उप संरक्षक (DFO), प्रभारी वन संरक्षक और मुख्यालय स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
आदेश के अनुसार गणवीर धम्मशील को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं उत्तम कुमार गुप्ता को इंद्रावती टाइगर रिजर्व के प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (CCF) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभाकर खलखो को सरगुजा कार्य आयोजना वनमंडल का प्रभारी वन संरक्षक बनाया गया है।
इन वनमंडलों में बदले DFO
प्रशासनिक फेरबदल के तहत पंकज राजपूत को रायपुर का नया वन उप संरक्षक (DFO) बनाया गया है। इसके अलावा मनेन्द्रगढ़ में दुलेश्वर प्रसाद साहू, पूर्व भानुप्रतापपुर में संदीप बलगा, गरियाबंद में मयंक पाण्डेय और धरमजयगढ़ में सत्यदेव शर्मा को नई जिम्मेदारी दी गई है।
महासमुंद में श्रीनिवास तन्नेटी, खैरागढ़ में कुमार निशांत, मरवाही में पंकज कुमार कमल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पुष्पलता टंडन, सरगुजा में लोकनाथ पटेल, कांकेर में शषिगानंदन के., कोरिया में चंद्रशेखर परदेशी, बस्तर में दिपेश कपिल, दुर्ग में चंद्र कुमार अग्रवाल और सूरजपुर में विपुल अग्रवाल की पदस्थापना की गई है।
वन विकास निगम और मुख्यालय में भी नई जिम्मेदारियां
फेरबदल के तहत छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम में भी अधिकारियों की पदस्थापना और प्रतिनियुक्ति की गई है। जितेन्द्र कुमार उपाध्याय, संजय यादव, ग्रीष्मी चांद और ऋषभ जैन को निगम में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
वहीं अभिषेक जोगावत को लघु वनोपज संघ में उप महाप्रबंधक बनाया गया है। रौनक गोयल को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) कार्यालय में वन उप संरक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
वन विभाग में किए गए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और वन प्रबंधन से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

