Raipur News : जहां पहले तैनात रहते थे गार्ड, वहां ATM में सांड का कब्जा, वीडियो वायरल

Raipur News : जहां पहले तैनात रहते थे गार्ड, वहां ATM में सांड का कब्जा, वीडियो वायरल

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। शहर में आवारा मवेशियों की समस्या अब सार्वजनिक सुविधाओं तक पहुंचती नजर आ रही है। जुट मिल इलाके में थाने के पास स्थित SBI के ATM कक्ष में सांड के डेरा जमाए रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ATM की सुरक्षा और बैंक प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि ATM के अंदर सांड के मौजूद होने के कारण ग्राहक वहां जाने से कतरा रहे हैं। ऐसे में ATM का इस्तेमाल करने पहुंचने वाले लोगों के लिए परेशानी की स्थिति बनी हुई है। वायरल वीडियो में ATM कक्ष के भीतर सांड दिखाई दे रहा है, जिसके चलते ग्राहक अंदर जाने से बचते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कई ATM के बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते थे, जिससे ग्राहकों को सुरक्षा का भरोसा रहता था। हालांकि, अब कई जगहों पर गार्ड नजर नहीं आते। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसका फायदा उठाकर शाम के समय आवारा मवेशी ATM परिसर में प्रवेश कर जाते हैं और शहर के कई ATM में ऐसी स्थिति देखने को मिलती है।

जुट मिल इलाके के ATM में सांड के घुसने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने बैंक प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और ATM कक्ष में आवारा मवेशियों की एंट्री रोकने के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ATM का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों की सुरक्षा को देखते हुए इस तरह की स्थिति पर ध्यान देना जरूरी है।

फिलहाल वायरल वीडियो कब का है और ATM कक्ष में सांड कितनी देर तक मौजूद रहा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बैंक प्रबंधन की ओर से भी मामले को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Related Articles