Raipur News: 4 साल के मासूम की नाले में डूबने से मौत, निगम की लापरवाही पर उठे सवाल

Raipur News: 4 साल के मासूम की नाले में डूबने से मौत, निगम की लापरवाही पर उठे सवाल

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। 2000 करोड़ रुपये से अधिक बजट वाले नगर निगम क्षेत्र में खुले नाले ने एक चार साल के मासूम की जान ले ली। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर में सोमवार को गली में खेलते समय काव्यांश साहू अचानक नाले में गिर गया। पानी के बहाव में बहते हुए वह करीब 500 मीटर दूर चला गया। नाले से बाहर निकालकर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, काव्यांश 4-5 बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक नाली में जा गिरा और पानी के बहाव में बह गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी बड़ी बहन भी मौके पर मौजूद थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह पास के दुकानदार से मदद मांगने के बजाय अपनी मां को बुलाने चली गई।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने बच्चे की तलाश शुरू की। करीब 500 मीटर दूर तीन फीट गहरे नाले से काव्यांश को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

काव्यांश के पिता खिलेश साहू मिस्त्री हैं और काम के सिलसिले में लखनऊ गए हुए हैं। इसी महीने काव्यांश का जन्मदिन भी था। रायपुर में वह अपनी मां किरण साहू और बड़ी बहन वर्षा साहू के साथ रहता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बारिश के मौसम में खुले नाले और गड्ढे लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई छोटी नालियां कचरे से भरी हैं और खुले नालों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उनका कहना है कि निगम ने समय रहते नालों और गड्ढों को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद नगर निगम की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।


Related Articles