Raipur Crime News : रायपुर। राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक आदिवासी युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और एसटी/एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
प्रतियोगी परीक्षा के दौरान हुई थी पहचान
जानकारी के मुताबिक पीड़िता प्रतियोगी परीक्षा देने रायपुर आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए मंत्रालय में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर युवती के साथ कई बार दुष्कर्म किया। वहीं नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 6 लाख रुपये भी ऐंठ लिए।
शादी और नौकरी दोनों का निकला झांसा
पीड़िता का आरोप है कि लंबे समय तक न तो नौकरी लगी और न ही शादी की बात आगे बढ़ी। इसके बाद उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।
इसके बाद युवती ने पुरानी बस्ती थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और एसटी/एससी एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

