रायपुर में ‘रंगोत्सव’ की धूम: विष्णु देव साय ने बजाया नगाड़ा, ‘सेंसलेस टाइम्स’ का किया विमोचन

रायपुर में ‘रंगोत्सव’ की धूम: विष्णु देव साय ने बजाया नगाड़ा, ‘सेंसलेस टाइम्स’ का किया विमोचन

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” एवं “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने का पावन अवसर है। यह पर्व हमें गिले-शिकवे भुलाकर नए सिरे से रिश्तों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रेस क्लब वर्षों से होली मिलन और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव को सशक्त करता आया है, जो आगे भी निरंतर जारी रहनी चाहिए। उन्होंने प्रेस क्लब परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि यह उल्लासपूर्ण पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता लेकर आए।

इस दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का मिर्ची की माला पहनाकर तथा त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने होली विशेषांक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा जब मुख्यमंत्री ने स्वयं नगाड़ा बजाकर उत्सव का जोश दोगुना कर दिया। नगाड़े की थाप के साथ पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों से उत्साह व्यक्त किया और पूरा परिसर रंगों और उमंग से सराबोर हो उठा। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर मुख्यमंत्री भी पत्रकार साथियों के साथ फाग गीतों और होली के रंग में रंगे नजर आए। समारोह में संगीत, संस्कृति और भाईचारे का सुंदर संगम देखने को मिला।


Related Articles