Cyber Awareness Ride: रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत छत्तीसगढ़ राइडिंग क्लब (36RC) ने विशेष बाइक राइड का आयोजन किया। राइड का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश देना है।
राइड में शामिल बाइकर्स रास्ते में लोगों को साइबर क्राइम से बचने के उपायों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही राइडर्स ओडिशा के पर्यटन स्थलों और कम चर्चित यानी ‘हिडन प्लेसेज’ को भी एक्सप्लोर करेंगे।
ट्रैफिक हैकथॉन 2026 का भी दिया संदेश
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक हैकथॉन 2026 चलाया जा रहा है। राइड के दौरान बाइकर्स ने नागरिकों से यातायात व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव देने की अपील की।
पुलिस की ओर से जारी QR कोड स्कैन कर नागरिक अपने सुझाव सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।
सेफ्टी गियर के साथ निकली बाइक राइड
राइड में शामिल सभी बाइकर्स ने पूरे सेफ्टी गियर के साथ हिस्सा लिया। राइडर्स ने ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित बाइकिंग का संदेश दिया। आयोजन के जरिए युवाओं और बाइकिंग समुदाय के बीच सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
ACP ट्रैफिक ने दिखाई हरी झंडी
राइड को ACP ट्रैफिक सतीश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने राइडर्स को सुरक्षित यात्रा करने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साइबर जागरूकता और सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर शुरू हुई यह बाइक राइड ओडिशा के विभिन्न पर्यटन और कम चर्चित स्थानों तक जाएगी।

