New Delhi Latest News: नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी (आप) के बागी राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी नेताओं के आरोपों का जवाब दिया है। राघव चड्ढा ने शनिवार को एक वीडियो मैसेज जारी कर आम आदमी पार्टी के आरोपों का जवाब देते हुए तीन सवाल भी पूछे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर कल से सुनियोजित तरीके से जुबानी हमला किया जा रहा है। आज एक- एक विषय पर जवाब दूंगा।
राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी से पूछे ये तीन सवाल
- आम आदमी पार्टी बताए कब विपक्षी सांसदों के वाकआउट का साथ नहीं दिया। एक भी उदाहरण बताएं।
- मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लाए गए मोशन में साइन करने को पार्टी ने कब कहा था। ये बता दें। मेरे अलावा पार्टी 6-7 और सांसदों ने भी साइन नहीं किया था, तो इसे क्यों मुद्दा बनाया जा रहा है।
- मैं पार्लियामेंट में लड़ने झगड़े नहीं आया हूं। पार्टी का कब मुद्दा नहीं उठाया, ये भी बताया जाए। मैंने पंजाब के पानी का मुद्दा उठाया। इसके अलावा दिल्ली की हवा का मुद्दा उठाया। हमने GST का भी मुद्दा उठाया।
आरोपों को राघव ने झूठा बताया
राघव चड्ढा ने कहा कि मेरे खिलाफ कल से कैंपेन चल रहा है। एक जैसे आरोप, एक जैसी भाषा…। पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया है कि मैं विपक्षी सांसदों के वाकआउट में पार्टी का साथ नहीं दिया। यह सरासर झूठ है। संसद में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कोई भी फुटेज दिखा दे, जिसमें हमने पार्टी का साथ न दिया हो।
पार्टी ने साइन करने के लिए नहीं कहा था
आप के बागी सांसद ने यह भी कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लाए गए मोशन के लिए साइन करने के लिए पार्टी ने उनसे कुछ नहीं कहा था। न तो औपचारिक रूप से और न ही अन्य तरीके से। पार्टी का यह आरोप भी सफेद झूठ है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई अन्य सांसदों ने भी साइन नहीं किया था। सिर्फ मुझे ही दोषी क्यों ठहराया जा रहा है।
आप ने लगाया था ये आरोप
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को पार्टी सांसद राघव चड्ढा पर संसद में केंद्र सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाने से कतराने का आरोप लगाया था। आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि राघव संसद में कई मामलों में पार्टी के अनुसार नहीं चल रहे थे। वहीं, आप’ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी चड्ढा की आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि क्या कोई ऐसा व्यक्ति जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ”डरता” है, देश के लिए लड़ सकता है। ढांडा ने ‘एक्स’ पर कहा, ”पश्चिम बंगाल में मतदान का अधिकार छीना जा रहा है। जब सदन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ एक प्रस्ताव आया तो आपने (चड्ढा) उस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।

