रायपुर के मेकाहारा अस्पताल से कैदी फरार, हत्या के मामले में उम्रकैद की काट रहा था सजा, 2 प्रहरी निलंबित

रायपुर के मेकाहारा अस्पताल से कैदी फरार, हत्या के मामले में उम्रकैद की काट रहा था सजा, 2 प्रहरी निलंबित

raipur mekahara hospital prisoner escape रायपुर। राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) से मंगलवार को एक उम्रकैद का कैदी फरार हो गया, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदी की पहचान साहेब कुमार ताती (26) के रूप में हुई है, जो हत्या के मामले में सजा काट रहा था। घटना के बाद लापरवाही बरतने के आरोप में प्रहरी गोपी किशन कौशिक और प्रमोद कुमार सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, साहेब कुमार ताती मूल रूप से जमुई, बिहार का रहने वाला है। उसे रायपुर की विशेष अदालत ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 109 के तहत दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। वह 19 मार्च 2025 से जेल में निरुद्ध था और सजा काट रहा था।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी, जिसके चलते जेल प्रशासन ने उसे बेहतर उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में उसकी निगरानी के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा में चूक सामने आई।

मंगलवार 24 मार्च को कैदी ने किसी बहाने से प्रहरियों का ध्यान भटकाया और मौका पाते ही वार्ड से फरार हो गया। घटना का पता चलते ही पुलिस ने तत्काल अलर्ट जारी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग की जा रही है और अस्पताल परिसर सहित अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार कैदी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना ने अस्पताल सुरक्षा और पुलिस निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Read More : रायपुर में गांजा पहुंचाने वाले ओडिशा-महाराष्ट्र के 9 तस्कर गिरफ्तार, 50 अफसरों की टीम ने दी दबिश, 11.45 लाख का गांजा-सामान जब्त


Related Articles