Kharun River Front Project रायपुर। राजधानी रायपुर की जीवनदायिनी मां खारून नदी के तट को उच्च स्तरीय पर्यटन केंद्र में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के सतत प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी सजगता के परिणामस्वरूप, छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने ‘खारून रिवर फ्रंट’ परियोजना के निर्माण, विकास और सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ₹84.15 करोड़ की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है।
इस बड़ी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक राजेश मूणत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप-मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना रायपुर पश्चिम क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और मां खारून के तट को नई पहचान देगी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश (क्रमांक FINACC/6537/2025) के अनुसार परियोजना में तकनीकी श्रेष्ठता, डिजाइन और सौंदर्य, समयबद्धता और पारदर्शी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। 90 प्रतिशत बाधारहित भूमि के साथ कार्य आरंभ होगा, और भू-अर्जन की स्थिति में राजस्व विभाग के साथ मिलकर गहन परीक्षण के बाद ही व्यय किया जाएगा।
रिवर फ्रंट बनने से श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ में सुविधा, पर्यटकों और नागरिकों के लिए मनोरंजन और स्वास्थ्य लाभ, नदी के जल और तटबंधों का संरक्षण और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार जैसे बहुआयामी लाभ होंगे। विधायक राजेश मूणत ने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं इस प्रोजेक्ट की प्रगति की निगरानी करेंगे ताकि कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा हो।

