Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर को भिलाई की हुडको कॉलोनी से जोड़ने के लिए अंडरब्रिज निर्माण की योजना पर तेजी आ गई है। इस संबंध में दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर औपचारिक मांग पत्र सौंपा।
महापौर ने बताया कि वर्तमान में दुर्ग से भिलाई जाने वाले फ्लाईओवर के नीचे केवल एक दिशा में ही अंडरब्रिज उपलब्ध है। इस वजह से यातायात का संतुलन प्रभावित हो रहा है और हुडको कॉलोनी की दिशा में सीधे मार्ग न होने के कारण नागरिकों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन की अनावश्यक खपत बढ़ रही है।
अलका बाघमार ने कहा कि यदि दुर्ग फ्लाईओवर के नीचे से हुडको कॉलोनी की ओर अंडरब्रिज का निर्माण किया जाता है, तो आवागमन अधिक सुगम होगा और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बन सकेगी।
इस प्रस्ताव पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है। अब जनता की निगाह इस महत्वपूर्ण परियोजना के धरातल पर उतारने की प्रक्रिया पर है।

