दुर्ग। कैलाश नगर स्थित मनाली ज्वेल्स के समीप प्रगति फाइन आर्ट एंड म्यूज़िक अकादमी का भव्य उद्घाटन दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन अवसर पर सांसद विजय बघेल ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अकादमी के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
अकादमी की डायरेक्टर अर्चना सेनगुप्ता ने सांसद विजय बघेल का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं द्वारा निर्मित सुंदर चित्र की फोटो फ्रेम भेंट कर सांसद को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान अकादमी के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं की एक आकर्षक चित्रकला प्रदर्शनी (एग्जीबिशन गैलरी) आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मक कला प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सांसद विजय बघेल ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए बच्चों की कलाकृतियों की मुक्तकंठ से सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि चित्रकला जैसे रचनात्मक माध्यम बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों को निरंतर अभ्यास, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्रदर्शनी के दौरान एक बाल कलाकार द्वारा देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की बनाई गई चित्रकलाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि उक्त कलाकार पिछले 15 वर्षों से कला के क्षेत्र में सक्रिय है और दो से अधिक शिक्षाएं ग्रहण कर चुका है। यह जानकर सांसद विजय बघेल ने विशेष प्रशंसा व्यक्त की।
अकादमी की संचालिका अर्चना सेनगुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा, “मैं अपने सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पर गर्व महसूस करती हूँ। सभी अभिभावक अपने बच्चों को पूरा समय, सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान कर रहे हैं, जो बच्चों की सफलता का आधार है।” उन्होंने सांसद विजय बघेल के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आगमन से कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत भव्य एवं प्रेरणादायक रूप से संपन्न हुआ।
उन्होंने यह भी बताया कि चित्रकला प्रदर्शनी 14 जनवरी तक आम जनता के अवलोकन हेतु खुली रहेगी। अंत में उन्होंने कहा कि प्रत्येक कलाकृति के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि हर कला में हमारे भूतकाल, वर्तमान और भविष्य की भावनाएं समाहित होती हैं, जिसे बच्चों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर प्रगति वल्लभ, रुपाक्षी, सृष्टि, सौम्या, हरजीत कौर सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

