Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। सावन महोत्सव के तहत शिवरीनारायण स्थित राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुवाधाम में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर आयोजकों के अनुसार 500 धर्मांतरित परिवारों की विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक संस्कारों के साथ सनातन धर्म में घर वापसी कराई गई।
कार्यक्रम का आयोजन राम मिलेंगे आश्रम, कुमार दिलीप सिंह जूदेव सनातन फाउंडेशन और सेवा न्याय उत्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान अखिल भारतीय घर वापसी अभियान प्रमुख एवं भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने पूजा-अर्चना और पारंपरिक धार्मिक संस्कारों के बाद परिवारों का स्वागत किया।
सनातन परंपरा से जुड़ना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार: जूदेव
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि उनके पिता कुमार दिलीप सिंह जूदेव ने जिस संकल्प और समर्पण के साथ घर वापसी अभियान की शुरुआत की थी, उसे आगे बढ़ाना उनके जीवन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा, धर्म जागरण और अपनी जड़ों से दूर हुए परिवारों को सम्मानपूर्वक मूल परंपरा से जोड़ने का कार्य आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने सनातन धर्म को भारत की संस्कृति, आस्था और जीवन दर्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और घर वापसी अभियान इसी दिशा में एक प्रयास है।
भगवान शिव पर टिप्पणी को लेकर जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान जूदेव ने भगवान शिव पर कथित अशोभनीय टिप्पणी को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सनातन की आस्था और संस्कृति का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सनातन संस्कृति के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात कही।
धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में धर्माचार्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
इस अवसर पर डॉ. अशोक हरिवंशी, अंजू गबेल, जगन्नाथ दादा, महात्यागी बाबा, शालिनी अत्री, ज्योति जायसवाल, भुवनेश्वरी साहू, माधुरी पांडे, शीलू साहू, लक्ष्मी पटेल, संतोषी साहू, दुर्गा बरेठ, पुष्पा साहू, पूर्णिमा गबेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

