रायपुर में लगेगी डाक अदालत, डाक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का होगा समाधान, इस दिन तक भेज सकते हैं आवेदन

रायपुर में लगेगी डाक अदालत, डाक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का होगा समाधान, इस दिन तक भेज सकते हैं आवेदन

Raipur Postal Adalat News रायपुर। डाक सेवाओं से जुड़ी ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल द्वारा 18 मार्च 2026 को परिमंडल स्तर पर डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह डाक अदालत बुधवार शाम 4 बजे आयोजित होगी, जिसमें शिकायतकर्ताओं से प्रत्यक्ष या वर्चुअल माध्यम से चर्चा कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

डाक विभाग के अनुसार इस अदालत में डाक वस्तुओं के वितरण, काउंटर सेवाओं और लघु बचत योजनाओं जैसे आरडी, बचत बैंक, बचत पत्र से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। इसके अलावा रजिस्ट्री, वीपी पार्सल, एक्सप्रेस पार्सल, स्पीड पोस्ट और मनीऑर्डर से संबंधित मामलों पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा से जुड़ी शिकायतों का भी निराकरण किया जाएगा।

डाक विभाग ने ग्राहकों से अपील की है कि यदि उन्हें डाक सेवाओं से संबंधित कोई शिकायत है, तो वे अपने प्रकरण का पूरा विवरण देते हुए आवेदन कार्यालय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर को 16 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे तक भेज दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाली शिकायतों को डाक अदालत में शामिल नहीं किया जाएगा।

डाक अदालत का आयोजन मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर जीपीओ बिल्डिंग के द्वितीय तल स्थित जय स्तंभ चौक कार्यालय में किया जाएगा, जहां प्राप्त शिकायतों पर सुनवाई कर उनका समाधान किया जाएगा।


Related Articles