PM Modi Haryana Visit : हरियाणा। हमारे लिए राजनीति सत्ता भोगने का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। यह जनता और देश की सेवा करने का माध्यम है, इसलिए बीजेपी जो कहती है, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा भी करती है। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हरियाणा के यमुनानगर में विकास कार्यों के शुभारंभ पर जनसभा को संबोधित करते हुए कही है। उन्होंने आगे कहा कि, मुझे इस बात पर गर्व है कि हमारी सरकार बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों को आगे रखती है और देश की प्रगति के लिए उनका अनुसरण करती है।
आज कांग्रेस का शासन होता तो हम ब्लैकआउट का सामना कर रहे होते
पीएम मोदी ने आगे सभा को सम्बोधत करते हुए कहा कि, हमें कांग्रेस के शासन के दिनों को नहीं भूलना चाहिए- 2014 से पहले, जब कांग्रेस की सरकार थी, हमने वो दिन भी देखे हैं जब पूरा देश ब्लैकआउट का सामना करता था। अगर आज कांग्रेस की सरकार होती, तो हम अभी भी ब्लैकआउट का सामना कर रहे होते।
बीजेपी का मोडल सत्य पर आधारित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारी सरकार भारत में विनिर्माण पर विशेष जोर दे रही है। इस वर्ष के बजट में हमने ‘राष्ट्रीय विनिर्माण मिशन’ की घोषणा की है। इसका उद्देश्य दलितों, पिछड़े वर्गों, शोषितों, वंचितों और युवाओं के लिए अधिकतम रोजगार पैदा करना है।
आपके सामने शासन के दो मॉडल हैं। एक तरफ कांग्रेस का मॉडल है, जो पूरी तरह झूठ साबित हो चुका है, जहां सिर्फ सत्ता को महत्व दिया जाता है। दूसरी तरफ भाजपा का मॉडल है, जो सत्य पर आधारित है। यह बाबा साहेब अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चलता है, संविधान के मूल्यों का सम्मान करता है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, हरियाणा सरकार ने ब्रिटिश काल से चले आ रहे सिंचाई कर को खत्म कर दिया है। अब आपको नहर के पानी पर टैक्स नहीं देना होगा। साथ ही सिंचाई के लिए बकाया 130 करोड़ से ज्यादा की रकम भी माफ कर दी गई है।
वक्फ बिल पर कही ये बात
PM मोदी ने कहा कि, देश आजाद होने के बाद 2013 तक वक्फ का कानून चलता था। 2013 में कांग्रेस ने कानून में संशोधन कर दिया, ताकि चुनाव में वोट पा सकें। कानून को ऐसा बना दिया कि बाबा साहेब के संविधान की ऐसी-तैसी कर दी। इसका सही उपयोग होता तो मुसलमानों को साइकिल के पंचर बनाने की जरूरत नहीं होती।
कांग्रेस कहती है कि ऐसा मुसलमानों के हित में किया। मैं पूछना चाहता हूं कि अगर सच्चे मन से मुसलमानों के लिए थोड़ी भी हमदर्दी है तो कांग्रेस पार्टी अपनी पार्टी का अध्यक्ष किसी मुसलमान को बनाए, लेकिन इनके नेता ऐसा कुछ नहीं करेंगे। ये सिर्फ देश के नागरिकों के अधिकारों को छीनना चाहते हैं।