रायपुर के ‘फर्जी कैफे’ में पुलिस की रेड, लेटनाइट चल रही थी पार्टी, कैमरा लेकर पहुंचे अफसर

रायपुर के ‘फर्जी कैफे’ में पुलिस की रेड, लेटनाइट चल रही थी पार्टी, कैमरा लेकर पहुंचे अफसर

Raipur Farji Cafe Raid News राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित ‘फर्जी कैफे’ में देर रात चल रही पार्टी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से डीजे सिस्टम जब्त कर लिया। तेलीबांधा पुलिस ने इस मामले में कोलाहल अधिनियम के तहत केस दर्ज करते हुए कैफे संचालकों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के अन्य क्लब और कैफे संचालकों में भी हड़कंप मच गया है, क्योंकि प्रशासन पहले ही लेट नाइट पार्टियों और नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त रुख अपना चुका है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को देर रात करीब साढ़े 12 बजे सूचना मिली थी कि वीआईपी रोड स्थित बेबीलॉन इंटरनेशनल परिसर में संचालित ‘फर्जी कैफे’ में तेज आवाज में डीजे बजाकर पार्टी की जा रही है। यहां बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे और शराब के साथ देर रात तक जश्न मनाया जा रहा था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद तेलीबांधा पुलिस की टीम रात करीब 1:15 बजे मौके पर पहुंची और रेड की कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के पहुंचते ही कैफे के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जांच के दौरान पाया गया कि बिना अनुमति देर रात तक पार्टी आयोजित की जा रही थी और तेज ध्वनि में डीजे बजाकर नियमों की अनदेखी की जा रही थी। पुलिस ने मौके पर ही डीजे सिस्टम जब्त कर लिया और मौजूद लोगों को कड़ी चेतावनी दी। इसके साथ ही पूरे मामले में सोमवार को न्यायालय में इस्तगासा भी पेश किया गया है, जिससे आगे कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।

एसीपी रमाकांत साहू ने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना अनुमति देर रात तक पार्टी करना और ध्वनि प्रदूषण फैलाना नियमों का उल्लंघन है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है। पुलिस प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि शहर में लेट नाइट पार्टियों, अवैध गतिविधियों और ध्वनि प्रदूषण पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Read More : प्रतापपुर में फर्जी स्कूल का खुलासा: बिना मान्यता चल रही कक्षाएं, BEO बोले- “जानकारी नहीं”


Related Articles