CG News: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, नकली सोने से ठगी करने वाले 4 आरोपी को किया गिरफ्तार, 1.24 लाख रुपये बरामद

CG News: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, नकली सोने से ठगी करने वाले 4 आरोपी को किया गिरफ्तार, 1.24 लाख रुपये बरामद

CG Surajpur News: सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नकली सोना देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना चांदनी पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 24 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

मामला ग्राम दर्रीपारा निवासी बालरूप गुप्ता की शिकायत पर दर्ज किया गया। प्रार्थी ने बताया कि होली के पहले उसे एक व्यक्ति के माध्यम से सोना खरीदने का प्रस्ताव मिला। 6 मार्च को बिहारपुर नवाटोला में दो लोगों ने उसे सोने का सैंपल दिया, जिसे जांच कराने पर असली पाया गया। इसके बाद 11 मार्च को रेडीपहरी चौक, ठाडपाथर में आरोपियों ने पीतल को सोने के बिस्किट जैसा बनाकर असली बताकर 2 लाख 20 हजार रुपये की ठगी कर ली।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांदनी में अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश और एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले अर्जुन देवांगन और मोहन उर्फ सोनू को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर राजेंद्र यादव और किशोरी लाल यादव को भी गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में चारों आरोपियों ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी की रकम में से 1.24 लाख रुपये बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन देवांगन (35), मोहन उर्फ सोनू (29), राजेंद्र यादव (46) और किशोरी लाल यादव (42) शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी आर.पी. साहू सहित पुलिस टीम के कई जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।


Related Articles