बिलासपुर में तोरवा पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 86 गैस सिलेंडर जब्त किया है। बतादें कि, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के लिए शासन ने अलग से खाद्य विभाग को जिम्मेदारी दी है।
बुधवार को तोरवा पुलिस को सूचना मिली कि सिंधी कालोनी हेमुनगर के एक मकान में बड़ी मात्रा में घरेलू गैस का भंडारण किया गया है और वहां से गैस की कालाबाजारी की जाती है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और हेमुनगर में रहने वाले अजय मेघानी के घर दबिश दी।
घर की जांच में 86 गैस सिलेंडर बरामद
इस दौरान अजय मेघानी और सुनील कुमार थारवानी वहां मौजूद थे। पुलिस ने घर की जांच की तो 86 गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें से 43 सिलेंडर भरे हुए थे। पुलिस ने दोनों से सिलेंडर के बारे में पूछताछ की, लेकिन वे कोई जानकारी नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

