मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। थाना चिल्फी और डिंडोरी चौकी पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वाहनों से कुल 235 बोरी अवैध धान जब्त किया है। इस दौरान तीन वाहन चालकों को पकड़कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बोंड़तरा कलां में 60 बोरी धान के साथ पिकअप पकड़ी गई
थाना चिल्फी पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम बोंड़तरा कलां में पिकअप वाहन क्रमांक CG 10 BX 5662 को रोककर जांच की। वाहन में करीब 60 बोरी धान लोड था। वाहन चालक संतोष कुमार राजपूत, निवासी ग्राम सारधा से पूछताछ करने पर उसने बताया कि यह धान कोचिया गल्ला व्यापारी हरीश अग्रवाल द्वारा गोंड़खाम्ही स्थित सरदार राइस मिल से अवैध रूप से लोड कराया गया था। चालक ने यह भी खुलासा किया कि उक्त धान को धान खरीदी केंद्र बोंड़तरा कलां में अधिकारियों की कथित मिलीभगत से खपाने के उद्देश्य से लाया जा रहा था।
डिंडोरी चौकी पुलिस की कार्रवाई, दो पिकअप से 175 बोरी धान जब्त
इसी क्रम में डिंडोरी चौकी, थाना चिल्फी पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG 10 BV 4828 को रोका। वाहन चालक भगवान दिन यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम पेंडरी तालाब, थाना लोरमी के पास से 75 बोरी धान जब्त किया गया, जिसे अवैध रूप से सोसायटी में खपाने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य पिकअप वाहन क्रमांक CG 28 R 5214 को भी रोका। इस वाहन को पीला राम साहू (41 वर्ष), निवासी ग्राम अमरपुर, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम चला रहा था, जिसके वाहन से 100 बोरी अवैध धान बरामद किया गया।
वाहन जब्त, आरोपियों पर कार्रवाई जारी
थाना प्रभारी रघुवीर लाल चंद्रा एवं डिंडोरी चौकी पुलिस द्वारा तीनों पिकअप वाहनों को धान सहित जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध धान परिवहन और खरीदी में शामिल लोगों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

