पीएम जनमन योजना से कोरबा के वनांचल क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज, मंत्री लखनलाल देवांगन ने आठ वृहद पुलों की रखी आधारशिला

पीएम जनमन योजना से कोरबा के वनांचल क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज, मंत्री लखनलाल देवांगन ने आठ वृहद पुलों की रखी आधारशिला

PM Janman Yojana Korba News रायपुर। वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा जिले के दूरस्थ अंचलों में विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 21.35 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्राम कनबेरी में श्री अग्रसेन गौसेवा समिति के पास आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने की।

मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से न केवल सड़कों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है, बल्कि दूरस्थ जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि ग्राम में मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ के निर्माण कार्य की शुरुआत की जा रही है, जिससे आवागमन को गति मिलेगी और वर्षा ऋतु में संपर्क बाधित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार करते हैं, ताकि पात्र हितग्राहियों तक लाभ प्रभावी रूप से पहुंचे। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत 20.92 करोड़ रुपये की लागत से आठ वृहद पुलों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। ये पुल कोरबा विकासखंड के लेमरू-देवपहरी मार्ग, डोकरमना मेन रोड, बगबुड़ा रोड, बताती-बांसाखार मार्ग और पतरापाली-धानकछार मार्ग पर गौमुखी, चिंगराडांड, गड़गड़ा, कोटगसरा और पेंसारी नाला सहित विभिन्न स्थानों पर निर्मित किए जाएंगे। इसके अलावा पाली-तानाखार विधानसभा के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड में कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग से बहरीझरिया मार्ग के कोठीझुंझा नाला पर 278.72 लाख रुपये की लागत से वृहद पुल निर्माण की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत कटघोरा विकासखंड में पंचराम घर से हीरालाल घर तक 500 मीटर लंबी सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य 42.95 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। परियोजनाओं के पूर्ण होने पर वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विशेषकर वर्षा ऋतु में संपर्क संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।

कार्यक्रम में कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव, जनपद सदस्य अमृत लाल कंवर, सरपंच शत्रुघन सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, श्री अग्रसेन गौसेवा समिति कोरबा के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Read More : रायपुर में झेरिया धोबी समाज का वार्षिक अधिवेशन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल हुए शामिल, युवाओं को डिजिटल और तकनीकी नवाचार अपनाने पर दिया जोर


Related Articles