Nepal Earthquake News : नेपाल में 5.5 तीव्रता के भूकंप के झटके लगे हैं। पड़ोसी देश में धरती कांपने के कारण लोगों के भीतर दहशत का माहौल है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक गुरुवार आधी रात के बाद करीब 2.36 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र धरती से 10 किलोमीटर की गहराई में रहा। नेपाल की सीमा से सटे बिहार के कई जिलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके लगने से लोग सहम गए। दहशत के चलते लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
दो बार लगे झटके, सिंधुपालचौक जिले के भैरवकुंडा में भी कांपी धरती
खबरों के मुताबिक करीब 15 मिनट के अंतराल पर एक और झटका लगा। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.1 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र हिमालयी राष्ट्र के मध्य क्षेत्र में सिंधुपालचौक जिले में था। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी और अनुसंधान केंद्र की वेबसाइट पर जारी सूचना के मुताबिक सिंधुपालचौक जिले के भैरवकुंडा में लगभग 2:51 बजे (स्थानीय समय) भूकंप के झटके महसूस किए गए। पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में भूकंप के तेज झटके लगे।
प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का आकलन कर रहे अधिकारी
नेपाल की सीमा से सटे भारत और तिब्बत, चीन के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। स्थानीय अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का आकलन कर रहे हैं। नेपाल में विनाशकारी भूकंपों के इतिहास को देखते हुए अधिकारियों ने निवासियों को संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।
एक हफ्ते के भीतर दूसरा झटका
इससे पहले विगत 22 फरवरी को भी भूकंप के कारण धरती डोली थी। नेपाल के अलावा उत्तराखंड और लखनऊ तक भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इस झटके के बारे में लखनऊ के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया था कि भूकंप का केंद्र लखनऊ से 310 किलोमीटर उत्तर उत्तर पूर्व की ओर था। उत्तराखंड में जोशीमठ के पास भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
असम में 5.0 तीव्रता का आया था भूकंप
इससे पहले, 27 फरवरी को असम के मोरीगांव में भूकंप के झटके महसूस किए गए। आधी रात करीब 2.25 बजे धरती हिली। इस दौरान रिएक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.0 दर्ज की गई।