Raigarh Congress Meeting रायगढ़ में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के दौरे के दौरान कांग्रेस भवन में संगठन को मजबूत बनाने को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। लोकसभा और विधानसभा स्तर पर पंचायत व बूथ कमेटी गठन के प्रदेश स्तरीय अभियान के तहत उनके आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
बैठक के दौरान पंचायत और बूथ कमेटियों के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में बहुजन समाज पार्टी के नेता बनवारी लाल डहरे ने कांग्रेस का दामन थामा। बैठक में विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, सक्रिय टीम तैयार करने और बूथ स्तर पर प्रभावी कार्यप्रणाली को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
दीपक बैज ने अपने संबोधन में कहा कि बूथ स्तर से ही संगठन की मजबूती का आधार तैयार होता है, इसलिए सक्रिय कार्यकर्ताओं, महिलाओं और विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने 25 मार्च तक पंचायत और बूथ कमेटियों का गठन पूरा करने के निर्देश देते हुए लोकसभा और विधानसभा स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 27 हजार से अधिक बूथ कमेटियां और 11 हजार से अधिक पंचायत स्तर की कमेटियां गठित करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर भी अपनी बात रखी और सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ मामलों में प्रशासनिक मिलीभगत सामने आ रही है। साथ ही गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सरकार के दावों पर भी सवाल उठाए।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शुक्ला, दीपक पांडेय, शहर अध्यक्ष शाखा यादव, ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी सहित महिला कांग्रेस, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

