Pandariya News : ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजेगा अमरकंटक से भोरमदेव तक का सफर, छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की होगी कामना

Pandariya News : ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजेगा अमरकंटक से भोरमदेव तक का सफर, छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की होगी कामना

Chhattisgarh Pandariya News : पंडरिया। सावन के दूसरे सोमवार को अमरकंटक से भोरमदेव तक आस्था की 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा शुरू होगी। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में होने वाली इस यात्रा में 300 से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा की शुरुआत 10 अगस्त को सुबह 7 बजे अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद होगी। इसका समापन 16 अगस्त को भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ किया जाएगा।

कांवड़ यात्री अमरकंटक से मां नर्मदा का जल लेकर पैदल भोरमदेव के लिए रवाना होंगे। पहाड़ी और दुर्गम रास्तों से गुजरते हुए श्रद्धालु ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ यात्रा पूरी करेंगे। बारिश के मौसम में नदी-नालों और कठिन रास्तों की चुनौती के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहेगा।

इस बार यात्रा में वनांचल क्षेत्र के 15 बैगा आदिवासी भी शामिल होंगे। दी गई जानकारी के अनुसार ये वे लोग हैं, जिन्होंने विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से अपने मूल धर्म में वापसी की है। अब वे अन्य श्रद्धालुओं के साथ कांवड़ लेकर अमरकंटक से भोरमदेव तक की यात्रा करेंगे।

भावना बोहरा लगातार दूसरे वर्ष अमरकंटक से भोरमदेव तक कांवड़ पदयात्रा कर रही हैं। पिछले वर्ष भी उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ यह यात्रा की थी। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कबीरधाम से अमरकंटक जाने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए पिछले पांच वर्षों से निःशुल्क भोजन और ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। इस वर्ष यह व्यवस्था 30 जुलाई से 24 अगस्त तक जारी रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए भोजन और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

भावना बोहरा ने कहा कि अमरकंटक से भोरमदेव तक की यह यात्रा भगवान भोलेनाथ के चरणों में समर्पित आध्यात्मिक साधना है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और प्रत्येक परिवार की सुख-शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस पावन यात्रा में सहभागी बनने और अपना सहयोग व आशीर्वाद देने की अपील की।


Related Articles