CG Patan News in Hindi: पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को वित्तीय वर्ष 2021-22 की लंबित गौण खनिज अनुदान राशि जल्द ही मिलने की संभावना है। इस संबंध में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने राज्य शासन के खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव पी. दयानंद से मुलाकात कर क्षेत्र की पंचायतों की मांग प्रमुखता से रखी।
मुलाकात के दौरान कीर्ति नायक ने बताया कि पाटन क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में गौण खनिज से संबंधित अनुदान राशि लंबे समय से लंबित है, जिससे पंचायतों में विभिन्न विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि ग्रामीण विकास और मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लंबित राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए।
इस पर प्रमुख सचिव पी. दयानंद ने आश्वासन दिया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 की लंबित राशि इस मार्च माह में पंचायतों के खातों में अंतरित करने के लिए विभाग कार्रवाई कर रहा है।

