रायगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (शहर) के अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और ओवरलोड वाहनों की समस्या को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में शहर में देर रात ओवरलोड वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही को गंभीर खतरा बताते हुए तत्काल रोक लगाने की आवश्यकता जताई गई है।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन को अवगत कराया कि प्रतिदिन रात 12 बजे के बाद भारी और ओवरलोड वाहन तेज गति से शहर में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी ऐसी लापरवाही के कारण कई हादसे हो चुके हैं और हाल ही में चक्रधर नगर क्षेत्र में एक ओवरलोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया था, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन वाहनों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और कानून का भय कम होता नजर आ रहा है। रेत माफिया, अवैध शराब, चोरी, सट्टा, जुआ, ड्रग्स, गांजा और अफीम जैसे नशे के कारोबार में लगे लोगों की सक्रियता बढ़ती जा रही है, जिससे आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है और आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इन गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन से कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि ओवरलोड वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को रोकना अत्यंत आवश्यक है, अन्यथा यह सीधे तौर पर दुर्घटनाओं को न्योता देने जैसा होगा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सभी अवैध और आपराधिक गतिविधियों पर तत्काल अंकुश लगाने की अपेक्षा जताई है।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में शाखा यादव के साथ पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला, महामंत्री संदीप अग्रवाल, ब्लॉक अध्यक्ष आशीष चौबे, लोकेश साहू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

