Durg Online Betting Racket दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 में नालंदा स्कूल के पीछे एक किराए के मकान में संगठित तरीके से यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर मौके से 1 लाख रुपए नकद, 16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से ग्राहकों को जोड़ते थे और उन्हें अलग-अलग आईडी उपलब्ध कराकर ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। गिरफ्तार आरोपियों में पोषण निषाद, योगेश कुमार विश्वकर्मा, गौरव तिवारी, संजय कुमार जायसवाल, चुनेश निषाद, विक्रम सिंह उर्फ विक्की और उदल हमणे शामिल हैं, जो दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ड्रैगन टाइगर, अंदर-बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। गिरोह के प्रत्येक सदस्य की अलग जिम्मेदारी तय थी और पूरा नेटवर्क तकनीकी रूप से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग सिम कार्ड और बैंक खातों का उपयोग कर लेन-देन को छिपाते थे और म्यूल अकाउंट के जरिए पैसों का ट्रांजैक्शन करते थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह रोजाना 3 से 7 लाख रुपए तक का लेन-देन कर रहा था और हर महीने करोड़ों रुपए का अवैध कारोबार किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा मुख्य सरगना की तलाश जारी है।

