Dhan Antar Rashi 2026 रायपुर। होली पर्व से पहले प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन करने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान उनके बैंक खातों में अंतरित किया। राज्य स्तरीय समारोह बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम रहंगी में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण किया और कृषकों से संवाद भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोरबा जिले के हरदीमहुवा, ग्राम देवपहरी निवासी कृषक सुखन साय कोरवा से चर्चा कर योजना के लाभ की जानकारी ली। कृषक ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग वे अपने आवास निर्माण कार्य में करेंगे।
कोरबा जिले में जिला स्तरीय समारोह सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन उपस्थित रहे। मंत्री ने कहा कि होली के पावन अवसर पर किसानों के खातों में अंतर राशि का अंतरण उनके लिए दोहरी खुशी लेकर आया है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी” के तहत धान की सर्वाधिक समर्थन मूल्य पर खरीदी का वादा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरा किया गया है।
मंत्री ने बताया कि कोरबा जिले के 43 हजार 681 किसानों के खातों में 200.81 करोड़ रुपये की अंतर राशि अंतरित की गई है, जो कृषकों की आर्थिक मजबूती में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्रमुख हैं।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में आदान सहायता राशि वितरण समारोह आयोजित किए गए हैं और किसानों को अंतर राशि सीधे खातों में प्राप्त हो रही है।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि, सहकारिता, मत्स्य, रेशम, उद्यान एवं पशुधन विभाग द्वारा हितग्राहियों को पंप, केसीसी ऋण, आइस बॉक्स, ग्रोथ प्रमोटर, कोसाफल राशि, अनुदान प्रमाण पत्र और डेमो चेक वितरित किए गए। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और किसान कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

