Surajpur Jhingramada Mahashivratri News सूरजपुर | महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झींगरामाडा में भव्य और आकर्षक मेले का आयोजन किया गया। विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पार्वतीपुर स्थित इस धार्मिक स्थल पर सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के पावन मिलन का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव निराकार से साकार स्वरूप में प्रकट हुए थे। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि विधिपूर्वक व्रत और पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
मेले का मुख्य आकर्षण यहां स्थित प्राचीन और रहस्यमयी ऐतिहासिक गुफा रही। गुफा के भीतर बरगद की लंबी लटकी जड़, जिसे स्थानीय लोग झूले की तरह उपयोग करते हैं, लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। दूर-दराज से आए श्रद्धालु इस गुफा के दर्शन और प्राकृतिक संरचना को देखने के लिए उत्साहित नजर आए।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजन समिति द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया और भंडारे का लाभ उठाया।
आयोजन को सफल बनाने में सरपंच मोहरसाय, हिरासाय, श्यामलाल पंडा, रामराज ठाकुर, गोरख देवागन, विजय पैकरा, हरिलाल, कल्लू गुरुजी, राजेश्वर चंडी, प्रताप सिंह, वीरेंद्र कुजूर, श्रीलाल गुरुजी, भीखम पैकरा, रमेश यादव, कौशल राजवाड़े, भागीरथी, अमेशर पैकरा, भजनराम, देवीशंकर, विनोद गुप्ता, कैलाश बीडीसी, सत्यनारायण चौधरी और डब्लू गुरुजी सहित समिति के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

