Surajpur Women’s Day Celebration सूरजपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले में पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस लाइन सहित अलग-अलग स्थानों पर तैनात महिला कर्मियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून, चिकित्सा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से समाज को नई दिशा दे रही हैं और यह कार्यक्रम उन्हीं के सम्मान और योगदान को समर्पित है।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना और चौकियों में पदस्थ महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को भी थाना-चौकी प्रभारियों द्वारा पुष्पगुच्छ और उपहार देकर सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देश पर पुलिस लाइन में महिला कर्मचारियों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिला कर्मियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
खेल प्रतियोगिताओं में कुर्सी दौड़ में महिला आरक्षक झमिता वरकरे और अंजली टोप्पो ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि जलेबी दौड़ में एएसआई बबीता यादव, प्रधान आरक्षक अल्का टोप्पो और महिला आरक्षक नीलम भगत प्रथम स्थान पर रहीं। गिलास निशानेबाजी प्रतियोगिता में महिला आरक्षक चिंता पैंकरा, देशमती और चंदा भास्कर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं चम्मच दौड़ में महिला आरक्षक नीलम भगत ने पहला स्थान हासिल किया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी ने निभाई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी सहित कई महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने महिला पुलिस कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं अंतरिक्ष से लेकर पुलिस और सेना तक हर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके जज्बे तथा समर्पण की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है और महिला सशक्तिकरण एक मजबूत एवं समृद्ध समाज की आधारशिला है।

