कालिदास कॉलेज में अव्यवस्था के खिलाफ NSUI का विरोध, छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

कालिदास कॉलेज में अव्यवस्था के खिलाफ NSUI का विरोध, छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

Kalidas College NSUI Protest News सूरजपुर जिले के प्रतापपुर स्थित शासकीय कालिदास कॉलेज में अनुशासन और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एनएसयूआई प्रतापपुर शहर अध्यक्ष रिजवान खान के नेतृत्व में सौंपा गया, जिसमें कॉलेज परिसर में बढ़ती अव्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई।


ज्ञापन में कहा गया कि कॉलेज परिसर के कुछ स्थानों पर अनुचित व्यवहार और शक्ति प्रदर्शन की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे विशेष रूप से छात्राओं में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। कई छात्र-छात्राएं खुद को असहज महसूस कर रहे हैं, जिससे शिक्षण वातावरण प्रभावित हो रहा है।


एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि परिसर में नियमित निगरानी व्यवस्था नहीं होने के कारण बाहरी लोग भी प्रवेश कर हुड़दंग करते हैं, जिससे छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाए और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।


संगठन ने परिसर में नियमित निगरानी व्यवस्था लागू करने, बाहरी लोगों के प्रवेश पर नियंत्रण करने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।


एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर में उपस्थित रहे और सभी ने सुरक्षित एवं स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की मांग का समर्थन किया।


Related Articles