शिवनंदनपुर चुनाव में नया समीकरण: मुस्लिम समाज ने भाजपा को दिया समर्थन, चुनावी मुकाबला हुआ दिलचस्प

शिवनंदनपुर चुनाव में नया समीकरण: मुस्लिम समाज ने भाजपा को दिया समर्थन, चुनावी मुकाबला हुआ दिलचस्प

Shivnandanpur Nagar Panchayat Election: सूरजपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर चुनाव में मतदान से पहले राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। मुस्लिम समाज के एक बड़े वर्ग द्वारा भाजपा को समर्थन देने की घोषणा के बाद चुनावी मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो गया है। रविवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मौजूदगी में अंजुमन कमेटी विश्रामपुर के पदाधिकारियों और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा पर भरोसा जताया।

बैठक में अंजुमन कमेटी के सदर सलीम खान, सेक्रेटरी एजाज अहमद, टीटू कुरैशी, हाजी रहमतुल्लाह, हाफिज हुसैन, जुल्फी, शाहबाज, इमरान, शानू, सीनू खान, अयान, आमीन, रेहान सहित अन्य समाजजन मौजूद रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों को रखते हुए नगर पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल के पक्ष में मतदान करने की बात कही।

भाजपा चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। यही कारण है कि प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद भी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री विभिन्न समाजों के प्रमुख लोगों से लगातार संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। पार्टी इसे चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा मान रही है।

बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार सभी वर्गों के हितों का ध्यान रख रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा की जीत होने पर सड़क, बिजली, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

वहीं, बैठक में मौजूद मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भी राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर विश्वास जताते हुए भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की। इस समर्थन के बाद शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की स्थिति और मजबूत होने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है।


Related Articles