छत्तीसगढ़ के इन जिलों में युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा के खुले नए द्वार, ANM नर्सिंग कौशल कॉलेजों की स्वीकृत

छत्तीसगढ़ के इन जिलों में युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा के खुले नए द्वार, ANM नर्सिंग कौशल कॉलेजों की स्वीकृत

राजनांदगांव | छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के आठ जिलों (जशपुर, जगदलपुर, राजनांदगांव, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, कोरबा, रायगढ़ एवं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) में नर्सिंग कौशल कॉलेजों के अंतर्गत ए.एन.एम. (ANM) प्रशिक्षण को स्वीकृति दिए जाने के निर्णय में राजनांदगांव को शामिल किया जाना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इस फैसले से क्षेत्र के युवाओं को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नए और सशक्त अवसर प्राप्त होंगे।

राजनांदगांव के विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिले में एएनएम प्रशिक्षण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे शासन ने पूरा किया है।

डॉ. रमन सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025–26 से नर्सिंग कौशल कॉलेज में 120 विद्यार्थियों की प्रवेश क्षमता के साथ एएनएम प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। इससे विशेषकर ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब राजनांदगांव के युवाओं को नर्सिंग जैसी व्यावसायिक शिक्षा के लिए बड़े शहरों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध होने से शैक्षणिक खर्च में कमी आएगी और विद्यार्थी अपने सामाजिक एवं पारिवारिक वातावरण में रहकर अध्ययन कर सकेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दूरदर्शी नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की संवेदनशील सोच के कारण यह निर्णय संभव हो सका है। यह पहल न केवल युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि राजनांदगांव में प्रशिक्षित नर्सिंग विद्यार्थी आने वाले समय में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम योगदान देंगे।

Read More : रायपुर में एक रात में 182 वारंटी पकड़ाए, महिला आरोपी भी चढ़े हत्थे, नॉर्थ जोन के अफसरों ने दबिश देकर पकड़ा


Related Articles