Navratri News: 22 सितंबर से सजेगा माता का दरबार, शहर व अंचल में तैयारियां जोरों पर…

Navratri News:  22 सितंबर से सजेगा माता का दरबार, शहर व अंचल में तैयारियां जोरों पर…

Navratri News: धर्म, आस्था और उल्लास का पर्व शारदीय नवरात्रि इस वर्ष 22 सितंबर 2025 से आरंभ हो रहा है, जिसे लेकर शहर से लेकर गांवों तक जोर-शोर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी नवरात्रि पर देवी दुर्गा के दरबार को रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा। शहर के लगभग हर वार्ड में देवी मां की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, वहीं बाजार भी पूजन सामग्रियों और सजावटी वस्तुओं से सज चुके हैं। व्यापारी वर्ग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में खरीदारी में और तेजी आने की संभावना है।

धार्मिक स्थलों पर विशेष तैयारियां चल रही हैं। गंगा मैया मंदिर, सियादेवी रानी माई, शीतला और चंडी मंदिर सहित जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में विशेष सजावट और कार्यक्रमों की योजना बनाई जा रही है। गंगा मैया में नवरात्रि के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है। हर गांव में दुर्गा पंडाल बन रहे हैं और देवी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।

Read More: नवरात्रि से पहले महंगा हुआ सोना, यहां देखें आज के लेटेस्ट रेट

भक्तों में नवरात्रि पर्व को लेकर दिख रहा उत्साह

Navratri News: मूर्ति निर्माण कार्य भी तेजी पर है। जिले के मूर्तिकारों ने देवी प्रतिमाओं का निर्माण लगभग पूरा कर लिया है और अब उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है। मूर्तिकार रामसिंह के अनुसार, इस बार मूर्ति निर्माण में उपयोग होने वाली कच्ची सामग्रियों जैसे रंग, अभ्रक, और रंगीन कपड़ों की कीमतों में वृद्धि हुई है। इसके चलते मूर्तियों की कीमतों में भी बढ़ोतरी करनी पड़ी है। फिर भी मांग में कोई कमी नहीं है और मूर्तिकारों का कहना है कि नवरात्रि शुरू होने से पहले सभी प्रतिमाएं तैयार कर दी जाएंगी।
धर्मनगरी बालोद सहित समस्त जिले में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि पर्व को पूरी श्रद्धा, भक्ति और उमंग के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। आने वाले दिनों में जब माता का दरबार पूरी तरह सज जाएगा, तब यह दृश्य भक्तों के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव का कारण बनेगा।


Related Articles