Chhattisgarh News: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 भारत के लोकतंत्र में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस अधिनियम के जरिए महिलाओं को केवल वोट बैंक नहीं बल्कि समान अधिकार और प्रतिनिधित्व मिला है।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि लोकतंत्र में महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नारीत्व का सम्मान करते हुए यह बिल संसद में रखा और आने वाले समय में संशोधन के साथ इसे लागू किया जाएगा। उनका मानना है कि जब महिलाएं नीति निर्माण में सक्रिय रूप से शामिल होंगी, तो भारत की राजनीति में सकारात्मक बदलाव आएंगे।
प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी नारी शक्ति वंदन बिल के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया और इसे महिलाओं के जीवन में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व परिवर्तन लाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रदेश और देशभर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई है। 15 अप्रैल को रायपुर के पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। 11 से 16 अप्रैल तक संभाग स्तर पर नारी शक्ति सम्मेलन होंगे, जिसमें महिला जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आयोगों की सहभागिता रहेगी। 15 और 16 अप्रैल को नारी शक्ति पदयात्रा आयोजित की जाएगी, जिसे भाजपा की महिला सांसद, विधायक और पदाधिकारी नेतृत्व देंगे।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय, महापौर मीनल चौबे, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय, डॉ. किरण बघेल और जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा कृतिका जैन उपस्थित रहीं।

