भानपुरी अस्पताल में हेल्थ एटीएम का शुभारंभ, मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने नारायणपुर क्षेत्र में विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

भानपुरी अस्पताल में हेल्थ एटीएम का शुभारंभ, मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने नारायणपुर क्षेत्र में विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

Narayanpur News जगदलपुर। बस्तर क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों की नई सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद महेश कश्यप की उपस्थिति में भानपुरी स्थित सिविल अस्पताल में अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के करंदोला में विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

भानपुरी सिविल अस्पताल में लगाए गए हेल्थ एटीएम के माध्यम से अब बस्तरवासियों को एक ही स्थान पर त्वरित और आधुनिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। इस मशीन से रक्तचाप, शुगर, ईसीजी सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कुछ ही मिनटों में किए जा सकेंगे। इस पहल से खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और परामर्श उपलब्ध होगा, जिससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो सकेगी।

इसी कार्यक्रम के तहत नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के करंदोला में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों में सामुदायिक भवन, पुलिया और सीसी सड़क निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। स्वीकृत कार्यों में घोटिया में दुलारदई गुड़ी के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, तिरथा में भैरमगुड़ी मंदिर के पास 2 मीटर पुलिया निर्माण के लिए 6 लाख रुपये, राजपुर में 200 मीटर सीसी सड़क निर्माण के लिए 6 लाख रुपये, सुधापाल में माता मंदिर के पास 1.5 मीटर पुलिया निर्माण के लिए 4.50 लाख रुपये, खड़का में 2 मीटर पुलिया निर्माण के लिए 6 लाख रुपये तथा सालेमेटा में 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण के लिए 9 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन सभी कार्यों की कुल लागत 36.50 लाख रुपये बताई गई है।

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हेल्थ एटीएम जैसी आधुनिक व्यवस्था से ग्रामीणों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी, वहीं विकास कार्यों से क्षेत्र की बुनियादी जरूरतें भी पूरी होंगी।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर क्षेत्र में स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ गांवों में आधारभूत विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति को नई गति देंगे।

प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे बस्तर के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, रूपसिंग मंडावी, बलदेव मंडावी, संतोष बघेल, निर्देश दिवान, खितेश मौर्य, प्रवीण सांखला, विजय पाण्डेय, दिलीप पाणिग्राही, गौरव कश्यप सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Read More : रायपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, धारदार चाकू लेकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी जब्त


Related Articles