बोड़ला में मुस्कान हॉकी कप का भव्य आयोजन, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

बोड़ला में मुस्कान हॉकी कप का भव्य आयोजन, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

Muskan Hockey Cup 2025 कवर्धा, 26 दिसंबर 2025 | नगर पंचायत बोड़ला में आयोजित चार दिवसीय मुस्कान हॉकी कप राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने राज्यभर से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना, अनुशासन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को मंच देने के साथ खेल संस्कृति को भी मजबूत करती हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बोड़ला की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ममतेश्वरी लहरे, राजनांदगांव की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनिशा साहू, कोच चौहान सहित अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने समर्पण और मेहनत से जिले, प्रदेश और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के विकास के जरिए बोड़ला को हॉकी के एक सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।

बेटियों की उपलब्धियां प्रदेश के लिए गौरव

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वनांचल क्षेत्र बोड़ला की बेटियां हॉकी में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जो कबीरधाम जिले और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि नगर पंचायत बोड़ला में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया गया है और खिलाड़ियों व नागरिकों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं, ताकि प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए और बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिले के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं और शीघ्र ही बोड़ला के विद्यालयों में भी स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

उल्लेखनीय है कि वनांचल क्षेत्र बोड़ला हॉकी सहित अन्य खेलों की प्रतिभाओं के लिए जाना जाता है। यहां के सैकड़ों खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं और कई खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम तक हो चुका है। मुस्कान हॉकी कप जैसी प्रतियोगिताओं से क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और लक्ष्यबद्धता का संचार हुआ है।

Read More : जशपुर पुलिस की ‘ऑपरेशन शंखनाद’ में बड़ी कार्रवाई, गौवंश वध मामले में तीन गिरफ्तार, 7 किलो मांस जब्त


Related Articles