बिलासपुर में 120 की शराब 250 रुपए में बेचने पर युवक की हत्या करने वाला आरोपी बिहार से पकड़ाया है। घटना 2 महीने पहले की है। वारदात के बाद आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे बिहार से गिरफ्तार किया है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है।
बता दें कि अवैध शराब बेचने वाले बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो युवकों पर लकड़ी के बत्ते से हमला कर दिया था। हमलावरों ने युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे युवक भागकर अपनी जान बचाई थी।
ब्लैक में शराब खरीदने पहुंचे थे
दरअसल, सिटी कोतवाली क्षेत्र के करबला निवासी किशन यादव (19) 12 अक्टूबर की रात दयालबंद निवासी अपने दोस्त साहिल सोनकर के साथ लुतरा उर्स देखने गया था। कार्यक्रम से लौटते समय, करीब तीन बजे दोनों युवक शहर लौटे।
इस दौरान साहिल ने शराब पीने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों युवक ब्लैक में शराब खरीदने के लिए तिफरा सब्जी मंडी स्थित एक शराब दुकान के पास पहुंचे। साहिल साहू मौके पर अवैध रूप से शराब बेच रहा था।
शराब की कीमत को लेकर हुआ विवाद, बत्ते से पीट-पीटकर मार डाला
किशन यादव और साहिल सोनकर ने उससे शराब मांगी। जिस पर उसने 120 रुपए की शराब की बोतल के लिए 250 रुपए की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इस दौरान साहिल साहू और उसके दोस्तों ने मिलकर साहिल सोनकर और किशन यादव पर बत्ते से हमला कर दिया।
हमलावर युवक दौड़ा-दौड़ाकर उनकी पिटाई करते रहे। जान बचाकर भागते समय साहिल सोनकर जमीन पर गिर गया। जबकि, बुरी तरह से घायल किशन यादव ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
2 गिरफ्तार, तीसरा हो गया था फरार
इस वारदात के बाद पुलिस की टीम साहिल साहू और नाबालिग को पकड़ने में कामयाब रही। जबकि, आकाश शर्मा फरार हो गया था। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में उपयोग किया गया डंडा, स्कूटी सीजी 10 बीडब्ल्यू 3206 व खून से सने कपड़े जब्त किए हैं। वहीं, आकाश की तलाश कर रही थी।
बिहार के मुंगेर से लेकर आई पुलिस
हत्या के बाद से फरार आरोपी आकाश शर्मा बिहार के मुंगेर में छिपा था। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए बिहार गई थी। आरोपी को उसके घर में ही पकड़ने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड में लेकर बिलासपुर लाया गया। यहां उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

