WPL 2025 MI vs DC Final match Highlights: मुंबई इंडियंस ने वीमेंस प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई ने दिल्ली को 08 रनों से शिकस्त दी। बताते चलें कि यह मुंबई इंडियंस के लिए डब्ल्यूपीएल का दूसरा खिताब रहा, जबकि दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने के बाद खिताब जीतने से चूक गईं।
कांटे की हुई टक्कर, आखिरी दो ओवर अटकी फैंस की सांसें
मुकाबले में आखिरी ओवर तक यह तय नहीं हो पाया कि कौन विजेता बनेगा। रन चेज करने वाली दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी 2 ओवर में 23 रनों की दरकार थी। दिल्ली ने 19वें ओवर में 9 रन बनाए। अब आखिरी ओवर में 14 रनों की दरकार थी।
आखिरी ओवर की शुरुआती 4 गेंदों में सिर्फ 3 रन बने। अब आखिरी 2 गेंदों पर थी 11 रनों की दरकार थी। फिर गेंदबाजी कर रहीं नैट साइवर-ब्रंट ने पांचवीं गेंद पर सिर्फ 1 रन खर्च किया। इसके बाद आखिरी गेंद पर 10 रनों की दरकार थी, जिस पर फिर 1 रन आया। इस तरह मुंबई ने 8 रनों से जीत अपने नाम कर ली।
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर किया गलत फैसला
बता दें कि मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए बिल्कुल गलत साबित हुआ। यह जानते हुए भी दिल्ली ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया कि मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के पिछले कुछ मुकाबलों में पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीत दर्ज की। खिताबी मुकाबला भी ब्रेबोर्न स्टेडियम में ही खेला गया।
मुंबई ने बोर्ड पर लगाया बड़ा टोटल
पहले बैटिंग के लिए मैदान पर उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 149/7 रन बोर्ड पर लगाए। यह टोटल किसी लीग मैच के लिए भले ही आपको कम लग सकता है, लेकिन प्रेशर वाले फाइनल मैच में इसे बड़ा टोटल ही माना जाता है। फिर मुंबई की गेंदबाजों ने कमाल करते हुए शानदार तरीके से टोटल डिफेंड करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 20 ओवर में 141/9 रनों पर रोक दिया।