Raipur Mule Account Racket News रायपुर। राजधानी रायपुर में म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त कर अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते और एटीएम कार्ड हासिल करते थे और बाद में उन्हें पश्चिम बंगाल के आसनसोल में करीब 20 हजार रुपये में बेच देते थे। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार श्यामनगर निवासी पवन यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह इंदिरा चौक तेलीबांधा में किराना दुकान संचालित करता है। उसकी दुकान पर पूजा सिंह नाम की महिला अक्सर सामान लेने आती थी, जिससे उसकी पहचान हो गई थी। फरवरी 2026 में पूजा सिंह अपने साथी सुनील यादव उर्फ सोनू को लेकर उसकी दुकान पर पहुंची और बताया कि उनकी कंपनी का पैसा आने वाला है, लेकिन ऑनलाइन बैंकिंग काम नहीं कर रहा है। इस बहाने उन्होंने पवन यादव से उसका बैंक खाता नंबर और एटीएम कार्ड ले लिया।
कुछ समय बाद आरोपियों ने पवन यादव को बताया कि उसके खाते की लिमिट खत्म हो गई है और करीब डेढ़ लाख रुपये खाते में फंस गए हैं। आरोपियों ने उसे झांसे में लेकर अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करवाए और नकद रकम भी निकलवाई। बाद में बैंक ऑफ महाराष्ट्र से फोन आने पर पवन यादव को पता चला कि उसके खाते में जमा करीब 1.50 लाख रुपये की राशि पर पुलिस ने फ्रॉड के संदेह में होल्ड लगा दिया है।
शिकायत के बाद मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुरू की। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी सुनील यादव उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते और एटीएम कार्ड हासिल करता था और उन्हें पश्चिम बंगाल के आसनसोल में बेच देता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 13 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 8 सिम कार्ड और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी कुम्हारी थाना का स्थायी वारंटी भी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 165/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

