सांसद विजय बघेल ने ‘रमाई’ फिल्म का किया अवलोकन, कलाकारों के साथ देखी ऐतिहासिक प्रस्तुति

सांसद विजय बघेल ने ‘रमाई’ फिल्म का किया अवलोकन, कलाकारों के साथ देखी ऐतिहासिक प्रस्तुति

Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। छत्तीसगढ़ में निर्मित बाॅलीवुड हिन्दी ऐतिहासिक फिल्म “रमाई” का प्रदर्शन आज चंद्रा मोर्या टॉकीज़ में प्रातः 9 बजे किया गया। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रहे और फिल्म के कलाकारों के साथ मिलकर फिल्म का अवलोकन किया।

फिल्म में प्रमुख भूमिका में प्रेरणा धावड़े, डॉ. उदय, ओमकार दास मानिकपुरी (नत्था), रज़ा मुराद तथा विशेष भूमिका में निर्मला कृष्ण चौहान नजर आए। फिल्म के सह-निर्माता राजकुमार रामटेके, निर्देशक एवं लेखक कबीर दा, प्रोडक्शन हेड शैलेन्द्र भगत, आर्ट डायरेक्टर प्रवीण वासनिक तथा संगीत एवं बैकग्राउंड म्यूजिक दिनेश अर्जुन द्वारा दिया गया है।

सांसद विजय बघेल ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म डॉ भीमराव अम्बेडकर के जीवन पर आधारित है, जिसमें उनकी धर्मपत्नी रमाई (रामाबाई अम्बेडकर) के त्याग, संघर्ष और योगदान को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में सफलता के पीछे उसके जीवनसाथी का महत्वपूर्ण योगदान होता है, जिसे इस फिल्म में बखूबी प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म में दिखाया गया है कि रमाई जी ने कठिन परिस्थितियों में लकड़ी बेचकर अपने पति की शिक्षा के लिए धन जुटाया। डॉ. अम्बेडकर के बैरिस्टर बनकर विदेश से लौटने के बाद समाज सुधार के लिए किए गए उनके संघर्ष, बहिष्कृत समाज के अधिकारों के लिए आंदोलनों, तथा समानता और न्याय की लड़ाई को प्रभावी ढंग से चित्रित किया गया है।

साथ ही फिल्म में 8 घंटे कार्य दिवस, महिला-पुरुष समान वेतन, पानी के अधिकार, स्वतंत्र मतदान की मांग जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों को भी उजागर किया गया है। यह फिल्म समाज में व्याप्त भेदभाव और कुरीतियों के खिलाफ एक सशक्त संदेश देती है।
सांसद बघेल ने कहा कि “रमाई” फिल्म समाज के हर वर्ग को देखने योग्य है, जो हमें त्याग, संघर्ष और समानता के मूल्यों की प्रेरणा देती है। उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों एवं निर्माण दल को शुभकामनाएं दीं।


Related Articles