सांसद बृजमोहन अग्रवाल का 67वां जन्मदिन बना जन-उत्सव, 24 घंटे चला बधाई देने वालों का तांता

सांसद बृजमोहन अग्रवाल का 67वां जन्मदिन बना जन-उत्सव, 24 घंटे चला बधाई देने वालों का तांता

Brijmohan Agarwal birthday: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति के वरिष्ठ नेता और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का 67वां जन्मदिन इस वर्ष भव्य जन-उत्सव के रूप में मनाया गया। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में उनके जन्मदिन को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।

जन्मदिन की शुरुआत सांसद अग्रवाल ने सपरिवार विधि-विधान से पूजन और हवन के साथ की। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और जनता के कल्याण की कामना करते हुए कहा कि जनता का स्नेह ही उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

30 अप्रैल की रात से ही उनके आवास पर समर्थकों का तांता लगना शुरू हो गया, जो अगले 24 घंटों तक लगातार जारी रहा। इस दौरान उनकी 40 वर्षों की राजनीतिक यात्रा को दर्शाते हुए विशेष थीम केक काटा गया। कहीं 67 किलो का केक काटा गया, तो कई जगह 67 केक काटकर उनके जीवन के वर्षों का प्रतीकात्मक जश्न मनाया गया।

रायपुर शहर में 200 से अधिक स्थानों पर केक काटकर समर्थकों ने उत्सव मनाया।
इस अवसर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में भी मनाया गया। जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस और शिक्षण सामग्री वितरित की गई, भजन मंडलियों को स्पीकर सेट भेंट किए गए और सुंदरकांड पाठ जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने उन्हें धान से तुलादान किया, वहीं अन्य समर्थकों ने लड्डुओं से तुलादान कर शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन पर प्रदेश और देशभर के दिग्गज नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, राज्यपाल रामेन डेका, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी। वहीं विपक्ष के नेता भूपेश बघेल और रविंद्र चौबे ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। पूरे दिन चले आयोजनों ने यह साबित कर दिया कि बृजमोहन अग्रवाल की लोकप्रियता और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ आज भी बरकरार है।


Related Articles