Chhattisgarh Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक असर सरगुजा संभाग में देखने को मिला, जहां कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं 13 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं। हालांकि जुलाई के दूसरे सप्ताह में मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ने से राज्य में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
1 जून से 11 जुलाई के बीच प्रदेश में 252.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 320.6 मिमी होनी चाहिए थी। पिछले 24 घंटे में सरगुजा संभाग के अलावा बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इस बीच प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है।

