Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। नवा रायपुर स्थित नंदनवन चिड़ियाघर और जंगल सफारी में आज वन मंत्री केदार कश्यम ने 7 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों, 5 इलेक्ट्रिक जिप्सियों, नई नौकायन सेवा और सुविधा-सह-स्मृति चिन्ह (सोवेनियर) शॉप का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित ऊर्जा और सतत विकास के विजन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नंदनवन में शुरू की गई ये नई सुविधाएं प्रदेश को इको-टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगी।
वन मंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों और इलेक्ट्रिक जिप्सियों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। वहीं नई नौकायन सेवा से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सोवेनियर शॉप के जरिए स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सरकार की यह पहल पीपीपी मॉडल पर आधारित है, जिसके माध्यम से निजी सहभागिता के साथ पर्यटन अधोसंरचना को आधुनिक बनाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में करोड़ों रुपये के निवेश और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की संभावनाएं बढ़ेंगी। नई सुविधाओं से पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक अनुभव मिलेगा तथा छत्तीसगढ़ का पर्यटन क्षेत्र और अधिक मजबूत होगा।

