Korba Development News रायपुर। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को कोरबा में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजूदेवी राजपूत ने की।
नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत 2 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से 28 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों में बच्चों को पठन-पाठन, खेलकूद और पौष्टिक आहार जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 59 में नवधा पंडाल के पास 15 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल, मंच निर्माण और सामुदायिक भवन मरम्मत कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।
वहीं वार्ड क्रमांक 59 दर्रीखार में एनटीपीसी की सीएसआर मद से 9 लाख रुपये की लागत से निर्मित बस स्टॉप यात्री प्रतीक्षालय का लोकार्पण किया गया। साथ ही वार्ड क्रमांक 58 स्थित साडा कॉलोनी दर्री में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन को भी जनसेवा के लिए समर्पित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त शासन और तेज विकास का कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास किया जा रहा है तथा विभिन्न वर्गों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा बनाए गए छत्तीसगढ़ राज्य को आगे बढ़ाने और विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का दायित्व हम सभी का है। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री के मार्गदर्शन में कोरबा का निरंतर विकास हो रहा है। कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Read More : सुकमा के पोटाकेबिन विद्यालयों में AI आधारित शिक्षा की शुरुआत, डिजिटल युग से जुड़ेंगे वनांचल के विद्यार्थी

